गुरुग्राम: सात हजार रिश्वत लेती जीएसटी इंस्पेक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: सात हजार रिश्वत लेती जीएसटी इंस्पेक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार


-रिश्वत लेते रंगे हाथ पकडऩे के लिए एसीबी ने बिछाया था जाल

गुरुग्राम, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा एसीबी की गुरुग्राम यूनिट ने जीएसटी विभाग की महिला इंस्पेक्टर श्रुति रानी को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने एक कारोबारी से जीएसटी नंबर जारी करने के बदले घूस मांगी थी।

एसीबी के मुताबिक एक स्थानीय कारोबारी ने अपनी फर्म के लिए नए जीएसटी नंबर के लिए आवेदन किया था। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद इंस्पेक्टर श्रुति रानी ने फाइल रोक रखी थी। जब कारोबारी ने संपर्क किया तो इंस्पेक्टर ने वेरिफिकेशन रिपोर्ट पास करने और सर्टिफिकेट जारी करने के बदले सात हजार रुपये की मांग की। कारोबारी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने सीधे ्रष्टक्च को लिखित शिकायत दे दी। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई।

एसीबी ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे सात हजार रुपये देकर इंस्पेक्टर के पास भेजा गया। जैसे ही कारोबारी ने पैसे दिए और इशारा किया, टीम ने धावा बोलकर इंस्पेक्टर को दबोच लिया। हाथ धुलवाने पर पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत का वैज्ञानिक सबूत है। मौके से पूरी रकम बरामद कर ली गई। आरोपी को हिरासत में लेकर एसीबी थाने लाया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि इंस्पेक्टर को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। जांच की जाएगी कि क्या इस खेल में विभाग के अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं और अन्य लंबित फाइलों की भी जांच होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story