राज्यसभा क्रॉस वोटिंग पर अभय चौटाला ने कांग्रेस को घेरा
-लाइसेंस के नवीनीकरण के मुद्दे को लेकर इनेलो करेगा राज्यपाल से मुलाकात
चंडीगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग मामले में कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें समय रहते पता चल जाता कि कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रास वोटिंग की है और चार विधायकों के वोट रद्द हुए हैं तो इनेलो के दोंनों विधायक कांग्रेस के अनुसूचित जाति के प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध के पक्ष में मतदान करते।
अभय चौटाला शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अभय चौटाला ने निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल के नामांकन के समय इनेलो विधायकों - अर्जुन चौटाला और अदित्य देवीलाल के मौजूद रहने का दावा करने वाले निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान को कानूनी नोटिस भेजने की चेतावनी दी है। अभय ने स्पष्ट किया कि या तो देवेंद्र कादियान सबूत पेश करें, वरना उन्हें कोर्ट में माफी मांगनी पड़ेगी।
इनेलो अध्यक्ष ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने किसान हित में लाइसेंस रिन्यू करने के मुद्दे को लेकर 12 मार्च को मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। आज तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शनिवार को इस मुद्दे को लेकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन की जानकारी देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को एमएसपी न देनी पड़े, इसलिए लाइसेंस रिन्यू नहीं किए जा रहे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो द्वारा सभी जिलों में किसान कष्ट निवारण केंद्र बनाए जाएंगे। पार्टी पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। फसल उठान में देरी से किसानों को खामियाजा भुगतना पड़ता है।
अभय चौटाला ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दिन दोपहर तीन बजे तक कुल 87 वोट डाले जा चुके थे। तब कांग्रेस के सभी विधायक वोट डाल चुके थे। उस समय तक विधानसभा अध्यक्ष और इनेलो के दो वोट नहीं डाले गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव में पोलिंग एजेंट थे। कांग्रेस के सभी विधायकों का वोट हुड्डा ने देखा था। यानी कि तीन बजे तक उन्हें पता चल गया था कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने अपने वोट क्रास और कैंसिल कराए हैं तो फिर हुड्डा ने समय रहते उनके नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए।
----
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

