गुरुग्राम: लिव-इन में पैदा हुए पांच माह के बच्चे को मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

-पुलिस ने बच्चे की हत्या के आरोप में लिव-इन पार्टनर को किया गिरफ्तार

-आरोप, शादीशुदा होने के बाद भी आरोपी ने लिव-इन पार्टनर से बच्चा पैदा किया

गुरुग्राम, 02 जून (हि.स.)। पांच महीने के मासूम की लिव-इन में रह रहे एक युवक ने हत्या कर दी। हत्या करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की पहचान विक्रमजीत (23) निवासी जिला हिसार के रूप में हुई है।

पुलिस चौकी जमालपुर थाना बिलासपुर गुरुग्राम को सूचना मिली थी कि पांच महीने के बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुग्राम मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे की मां ने पुलिस को शिकायत दी। महिला ने बताया कि वह वर्ष 2023 से विक्रमजीत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की सहमति से एक बेटे का जन्म हुआ था।

बच्चे के जन्म के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा था। चार जनवरी 2025 को आरोपी विक्रमजीत बच्चे को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद बच्चे को वापस लाकर उसने बताया कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। जब बच्चे को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके लिव-इन पार्टनर ने बच्चे को जहरीला पदार्थ देकर या किसी अन्य तरीके से हत्या की है। इस शिकायत पर थाना बिलासपुर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। लिव-इन रिलेशनशिप के दौरान महिला के गर्भवती होने पर वह खुश नहीं था। वह कई बार गर्भपात कराने का दबाव भी बना चुका था।

थाना बिलासपुर पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रमजीत को एक जून 2026 को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद से वह परेशान था। इसी कारण चार जनवरी 2025 को उसने पांच महीने के बच्चे को जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story