गुरुग्राम: 47 लाख लेकर फरार हुआ ड्राइवर गिरफ्तार
-आरोपी से 160 ग्राम सोना व 2.75 लाख नकदी बरामद
-तीन मई 2026 को मालिक द्वारा दिए रुपये लेकर हुआ था फरार
गुरुग्राम, 25 मई (हि.स.)। मालिक द्वारा दिए गए लाखों रुपये निर्धारित स्थान पर न पहुंचाकर फरार हुए ड्राइवर को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बातया कि आरोपी के कब्जे से 160 ग्राम सोना, दो लाख 75 हजार रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किया गया है।
बता दें कि तीन मई 2026 को थाना सेक्टर-50 में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। जिसमें कहा था कि उसने अपने ड्राइवर विनय कुमार को 30 अप्रैल 2026 को करीब 47 लाख 28 हजार रुपये की नकदी डिलीवरी के लिए सेक्टर-49 भेजा था। ड्राइवर नकदी लेकर फरार हो गया और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। शिकायत पर थाना सेक्टर-50 में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 21 मई 2026 को जिला बस्ती उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विनय कुमार (35 वर्ष), निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया। पूछताछ में सामने आया कि विनय दो साल से शिकायतकर्ता के पास ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। जब उसे कैश पहुंचाने के लिए भेजा गया तो लालच में आकर वह रुपये लेकर फरार हो गया। उसने रिश्तेदार के जरिए करीब 26 लाख रुपये का सोना खरीद लिया। साथ ही एक आईफोन खरीदा और बाकी रकम व्यक्तिगत खर्चों में उड़ा दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 ग्राम सोना, दो लाख 75 हजार रुपये नकद और एक आईफोन मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार बाकी रकम और अन्य खरीददारी की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

