गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिक वापस भेजे गए

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिक वापस भेजे गए


-पुलिस सुरक्षा में ट्रेन से किया रवाना

-अतिरिक्त जनरल कोच की विशेष व्यवस्था

-एटीएस और पीओ स्टाफ ने अलग-अलग कार्रवाई में किया था हिरासत में

गुरुग्राम, 28 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुरुग्राम पुलिस ने जिले में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी नागरिकों को नियमानुसार वापस भेजने की प्रक्रिया के तहत ट्रेन के माध्यम से रवाना कर दिया। सभी को पुलिस कर्मचारियों की कड़ी सुरक्षा और निगरानी में भेजा गया। यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रेन में एक अतिरिक्त जनरल कोच भी अटैच करवाया गया था।

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार गुरुग्राम पुलिस द्वारा जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान, सत्यापन और उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड तथा पीओ स्टाफ की अलग-अलग कार्यवाहियों के दौरान इन 27 बांग्लादेशी व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया था। ये लोग गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों में बिना किसी वैध दस्तावेज के रह रहे थे। शुरुआती जांच में इनके पास भारत में रहने से संबंधित वैध वीजा, पासपोर्ट अथवा अन्य आवश्यक अनुमति नहीं पाई गई। पूछताछ में भी ये लोग भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने और यहां रहने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों को नियमानुसार डिटेंशन सेंटर, मानेसर भेजा गया था, जहां उनके संबंध में आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया अमल में लाई गई। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें वापस भेजने का निर्णय लिया गया। इस प्रक्रिया के तहत कुल 27 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा एवं निगरानी में ट्रेन से रवाना किया गया। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान, सत्यापन तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story