गुरुग्राम: दो बाइक पर 164 चालान का 7.45 लाख जुर्माना, दोनों जब्त

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: दो बाइक पर 164 चालान का 7.45 लाख जुर्माना, दोनों जब्त


-लंबित ट्रैफिक चालानों पर गुरुग्राम यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई

गुरुग्राम, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने भारी संख्या में लंबित चालानों वाली दो मोटरसाइकिलों को इंपाउंड किया।

पहली कार्रवाई में एचएचओ ट्रैफिक पुलिस स्टेशन-1, निरीक्षक लोकेश और उनकी टीम ने एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रुकवाया। वाहन चालक से मोटरसाइकिल के जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर कुल 31 चालान लंबित पाए गए, जिनकी जुर्माना राशि 4,84,000 रुपये थी। इनमें मुख्य रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा बिना बीमा के वाहन चलाने से संबंधित चालान शामिल थे। दूसरी कार्रवाई में जोनल ऑफिसर आर्टेमिस टी-पॉइंट पर एसआई राजपाल और उनकी टीम ने एक अन्य मोटरसाइकिल को जांच के लिए रुकवाया। वाहन चालक से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में इस मोटरसाइकिल पर 133 चालान लंबित पाए गए, जिनकी कुल जुर्माना राशि 2,61,000 रुपये थी। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना बीमा के वाहन चलाने तथा रोड मार्किंग का उल्लंघन करने जैसे यातायात नियमों से संबंधित चालान शामिल थे। भारी संख्या में चालान लंबित पाए जाने पर दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाया गया। दोनों मोटरसाइकिलों पर 164 चालान लंबित थे, जिनकी जुर्माना राशि 7,45,000 रुपये है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story