गुरुग्राम: दसवीं की छात्रा दुष्कर्म के बाद हुई गर्भवती, मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 08 अगस्त (हि.स.)। नाथूपुर इलाके में दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को झांसे में लेकर रेप करने का मामला सामने आया है। छात्रा को पेट दर्द होने पर जब अस्पताल ले जाया गया तो वहां उसके गर्भवती होने पर दुष्कर्म का खुलासा हुआ। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि परिजनों की शिकायत पर थाना डीएलएफ फेज-तीन में केस दज किया गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीडि़ता की मां ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। एक परचून की दुकान पर काम करने वाले युवक से उनकी बेटी की करीब एक साल से जान-पहचान थी। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने बहकावे और झांसे में लिया। इसके बाद आरोपी लगातार किशोरी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीडि़ता ने जब इसका विरोध किया या किसी को बताने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर खामोश करा दिया।

बीती पांच अगस्त को जब किशोरी के पेट में अचानक तेज दर्द उठा तो परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 लेकर पहुंचे। डॉक्टरों द्वारा जांच किए जाने के बाद खुलासा हुआ कि किशोरी गर्भवती है। जब बेटी से प्यार से पूछताछ की तो उसने आरोपी की पूरी करतूत बताई। परिजनों की शिकायत के आधार पर डीएलएफ फेज-तीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story