गुरुग्राम में 100 करोड़ के ठेके पर लग्जरी कारों से की ब्रांडिंग

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में 100 करोड़ के ठेके पर लग्जरी कारों से की ब्रांडिंग


-शराब विक्रेता ने प्रचार के लिए किया अनूठा प्रयोग

गुरुग्राम, 08 नवंबर (हि.स.)। यहां सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित ब्रिस्टल चौक के पास शराब की मार्केटिंग का नया अंदाज देखने को मिला है। करीब 100 करोड़ रुपए के ठेके के बाहर प्रीमियम शराब कंपनियां लग्जरी गाडिय़ों के जरिए अपने ब्रांड का प्रचार कर रही हैं। मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू और ऑडी जैसी लग्जरी गाडिय़ों को ब्रांड एंबेसडर की तरह इस्तेमाल कर शहर के पॉश इलाकों में कैंपेनिंग की जा रही है।

इन लग्जरी कारों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इसे मिलेनियम सिटी का नेक्स्ट लेवल कह रहे हैं।

100 करोड़ के इस मेगा ठेके ने न केवल हरियाणा के आबकारी इतिहास के रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि अब भारत में शराब की मार्केटिंग और वीआईपी लाइफस्टाइल को भी बदल दिया है। शराब कंपनी हाई-प्रोफाइल ग्राहकों को उन्हीं की लाइफस्टाइल से मेल खाता हुआ लग्जरी प्रचार कर रही हैं। अमीर ग्राहकों के लिए महंगी शराब केवल एक ड्रिंक नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा के पैमाने के तौर पर देखी जाती है। करोड़ों की गाडिय़ों का काफिला दिखाकर कंपनियां विदेशों की तरह शराब को एक प्रीमियम लाइफस्टाइल प्रोडक्ट के रूप में प्रदर्शित कर रही हैं।

लाइफस्टाइल इकोनॉमिक्स का फायदा उठाना

यह कैंपेन पूरी तरह से ग्राहकों की जीवनशैली पर आधारित है।

कंपनियों का मानना है कि जो रईस ग्राहक खुद करोड़ों की गाडिय़ों में घूमते हैं, वे अपनी डाइनिंग टेबल पर भी 75 लाख रुपये तक की दुर्लभ व्हिस्की या बेहद महंगे ग्लोबल ब्रांड्स देखना ही पसंद करते हैं। इस वीआईपी लिकर जोन को हासिल करने वाली इस वाइन शॉप ने स्कॉटलैंड से विशेष रूप से आयात की गई 50 साल पुरानी एक सिंगल मॉल्ट व्हिस्की की बोतल डिस्प्ले के लिए रखी है, जिसकी कीमत 75 लाख रुपये है। इस इकलौती बोतल को देखने और उसके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774192 Articles

Share this story