गुरुग्राम के भौंडसी में 10 नंबरी अपराधी के अवैध निर्माण पर चला बुल्डोजर
-भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गिराए गए अवैध निर्माण
गुरुग्राम, 22 दिसंबर (हि.स.)। भौंडसी थाना क्षेत्र में सोमवार को 10 नंबरी अपराधी के अवैध निर्माण पर नगर निगम का बुल्डोजर चला। दोपहर के समय भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ये अवैध निर्माण गिराये गये। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संगीन वारदातों में एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार थाना भौंडसी क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी पुत्र स्वर्गीय मांगे राम (39 वर्ष) एक हिस्ट्रीशीटर एवं संगठित अपराध में संलिप्त अपराधी के रूप में चिन्हित है। आरोपी का आपराधिक इतिहास वर्ष-2011 से लगातार सामने आता रहा है। आरोपी नरेंद्र की गांव अलीपुर निवासी अशोक राठी के साथ लंबे समय से अपराधिक रंजिश, गैंगवार, पैसों के लेन-देन एवं वर्चस्व को लेकर गंभीर विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते 16 नवंबर 2019 को गांव अलीपुर में अशोक राठी की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसका केस थाना भौंडसी में दर्ज है। यह मामला वर्तमान में अदालत में विचाराधीन है।
अशोक राठी की हत्या के बाद बनाया संगठित गिरोह
आरोपी नरेन्द्र उर्फ सोनू राठी ने अशोक राठी की हत्या के बाद अपने साथियों सलीम, रोहित उर्फ बॉबी आदि के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन किया। आरोपी पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, रंगदारी/फिरौती, अपहरण एवं अपहरण का प्रयास, हत्या व हत्या का प्रयास, पुलिस पार्टी पर हमला, अवैध कब्जा एवं फायरिंग जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल 19 केस विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं।
आरोपी के खिलाफ दर्ज केसों की सूची
पहला केस आबकारी अधिनियम में थाना भौंडसी में 12 सितंबर 2008 को पहला केस दर्ज किया गया। 14 जनवरी 2009 को दूसरा केस दर्ज हुआ। आबकारी अधिनियम में तीसरा केस 26 जनवरी 2011 को व चौथा केस 13 मई 2011 को दर्ज किया गया। नौ मई 2014 को, सात जनवरी 2015 को, 14 जून 2015 को, पांच जुलाई 2015 को दो केस, 26 मई 2016 को, पांच फरवरी 2023 को, सात जून 2015 को, 16 नवंबर 2019 को, 24 जुलाई 2017 को, 31 मार्च 2018 को, 12 मई 2020 को, एक अगस्त 2014 को, छह सितंबर 2024 को तथा 18 जुलाई 2025 को आरोपी के खिलाफ कई धारों में केस दर्ज किये गये।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

