गुरुग्राम: संघ केवल हिंदुत्व पर गौरव करता है, किसी से नफरत नहीं: कश्मीरी लाल

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: संघ केवल हिंदुत्व पर गौरव करता है, किसी से नफरत नहीं: कश्मीरी लाल


-संघ शताब्दी वर्ष पर सेक्टर 14 सामुदायिक भवन में हुई प्रमुख जन गोष्ठी

गुरुग्राम, 11 जनवरी (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पांच बच्चों से शुरू किया संगठन आज दुनिया के सबसे बड़े संगठन के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने आरएसएस संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पारिवारिक आभाव व विपरीत परिस्थिति होने बाद भी उन्होंने देश के लिए कार्य करने का संकल्प लिया और आज दुनियां के सामने संघ का स्वरूप दिखाई दे रहा है। वे रविवार को यहां सेक्टर-14 के सामुदायिक भवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ( आरएसएस) शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित प्रमुख जन गोष्ठी में बोल रहे थे। इस जन गोष्ठी में पूर्व आईपीएस अधिकारी रंजीव सिंह दलाल मुख्य अतिथि के रूप में व महानगर संघ चालक जगदीश ग्रोवर विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

कश्मीरी लाल के अनुसार कोई भी समाजिक कार्य करते समय निराशा का भाव नहीं होना चाहिए। अगर राष्ट्र व समाज हित कार्य करते समय निराशा होती है तो डॉ. हेडगेवार व संघ का इतिहास पढ़ ले, निराशा का भाव स्वत: ही समाप्त हो जाएगा। कार्य बेशक छोटा हो, लेकिन इरादा बड़ा होना चाहिए। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ व किसान संघ जैसे संघठनो का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने यह नही कहा कि दुनियां के मजदूरों एक जाओ बल्कि उन्होंने कहा कि दुनियां के मजदूरों दुनियां को एक कर लो। उन्होंने कहा की हर आपदा में संघ अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहता है। उनके अनुसार संघ पर अन्य समुदाय से नफरत करने का आरोप कुछ विरोधी लगाते हैं जबकि वास्तविकता यह कि संघ केवल हिंदुत्व की सनातन परम्पराओं का गौरव करता है किसी से नफरत नही । कोरोना काल इसका उदाहरण है। आपदा में संघ किसी का धर्म नही देखता बल्कि मानवता के धर्म का पालन करता है। संघ भारतीय सनातन परम्पराओं की अनुपालना में विश्वास रखता है। उन्होंने उपस्तिथ जन समूह का आह्वान करते हुए कहा कि आपके पास कोई समाज हित का आइडिया है तो संघ को बताएं, संघ आपको उस कार्य हेतु टीम देगा और आपके पास टीम है तो संघ आपको समाज हित का आइडिया देगा। मिलकर कार्य करने से गुणात्मक परिणाम निकलते हैं।

उन्होंने लोगों से संघ कार्य में सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा एक घण्टा राष्ट्र हित के लिए अवश्य लगाएं।

राष्ट्र सेविका समिति की सह प्रान्त कार्यवाहिका प्रतिमा मनचन्दा ने पंच परिवर्तन पर चर्चा करते हुए कहा कि संघ समाज के साथ मिलकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व जीवन शैली युगानुकूल परिवर्तन के साथ चलती है।

पूर्व डीजीपी रंजीव सिंह दलाल ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है। उन्होंने संघ के सौ वर्ष की गाथा की भी सराहना करते हुए कहा कि संघ के कार्य अनुकरणीय है। पंच परिवर्तन आज भारत ही नही बल्कि विश्व की आवश्यकता है। सर्व समाज को इस गंभीर विषय पर कार्य करने की जरूरत है। विश्व गुरु बनना है तो समाज में समरूपता लानी होगी। अपने अधिकारों के साथ कर्तव्य की पालना भी करनी होगी। उन्होंने गांव की जीवन शैली की चर्चा करते हुए कहा गांव मे ही भारत की आत्मा रहती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story