यमुनानगर:शराब पिलाने के बहाने हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 29 नवंबर (हि.स.)। यमुनानगर के गांव गुमथला में 40 वर्षीय सुखविंदर सिंह की गर्दन पर वार कर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा-एक की टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव गुमथला निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जाएगी। अपराध शाखा-एक की टीम को हत्या के मामले में आरोपी की तलाश के दौरान गुप्त सूचना मिली कि वह नगली घाट गुमथला के पास घूम रहा है।
सूचना के आधार पर अपराध शाखा-एक के इंचार्ज राजकुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अपराध शाखा के इंचार्ज राजकुमार के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 19 नवंबर की रात वह सुखविंदर सिंह को शराब पिलाने के बहाने गांव के ठेके के पास लेकर गया था। वहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद वह सुखविंदर को एक खाली प्लॉट में ले गया, जहां उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

