ग्रुप-डी सीईटी: आवेदन में त्रुटि सुधारने के लिए 9 जुलाई से खुलेगा पोर्टल

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप डी पदों के लिए आयोजित होने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट की आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब ऑनलाइन आवेदनों में करेक्शन (सुधार) का मौका दिया जाएगा। जिसके लिए करेक्शन पोर्टल दोबारा से खोला जाएगा। इस दौरान 2 दिन की अवधि में अभ्यार्थी अपने आवेदनों की जांच करके सुधार कर सकता हैं। इससे पहले अभ्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।

इच्छुक अभ्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए 5 जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट तक का समय दिया गया। एचएसएससी चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोमवार को जारी जानकारी में कहा कि सीईटी ग्रुप-डी के अभ्यर्थियों के लिए 9 जुलाई से 11 जुलाई (रात्रि 11:59 बजे तक) करेक्शन पोर्टल खोला जाएगा। इस अवधि के दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र की पुन: सावधानीपूर्वक जांच कर लें। यदि किसी प्रकार की गलती हो, तो उसे समय रहते सुधार लें। उन्होंने कहा कि यदि करेक्शन पोर्टल से संबंधित कोई सुझाव हो, तो गूगल फार्म के माध्यम से भेज सकते हैं।

हालांकि आयोग द्वारा पहले ही अभ्यार्थियों से कहा गया था कि वे अपने फार्म को स्वयं भरें, फॉर्म भरने के बाद अच्छे से जांच करके ही फाइनल सबमिट करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि ना रहे। लेकिन जिन अभ्यार्थियों से किसी कारण से फार्म में गलती हो गई है, उनके लिए करेक्शन पोर्टल खोला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story