हिसार : एचएयू के 17 विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों में मिली नौकरी, प्लेसमेंट अभियान में बड़ी सफलता

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : एचएयू के 17 विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों में मिली नौकरी, प्लेसमेंट अभियान में बड़ी सफलता


यंग प्रोफेशनल से ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी तक चयन, कई नामी कंपनियों की भर्ती

प्रक्रिया अभी जारी

हिसार, 18 जुलाई (हि.स.)। यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने एक बार फिर

अपने उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड को कायम रखते हुए 17 विद्यार्थियों का देश के प्रतिष्ठित

संस्थानों और कॉर्पोरेट कंपनियों में चयन कराया है। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण

निदेशालय के अंतर्गत संचालित काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित हालिया प्लेसमेंट

अभियान में विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिले हैं। महिंद्रा

एंड महिंद्रा के साक्षात्कार पूरे हो चुके हैं, जबकि इंडसइंड बैंक और ट्राइडेंट ग्रुप

की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शनिवार काे चयनित विद्यार्थियों को बधाई

देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा का परिणाम नहीं,

बल्कि विश्वविद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों

से मजबूत समन्वय का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हकृवि का लक्ष्य विद्यार्थियों को

डिग्री के साथ बेहतर करियर उपलब्ध कराना है और इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय

कंपनियों को लगातार विश्वविद्यालय परिसर में आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास

जताया कि चयनित विद्यार्थी अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय

की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

प्लेसमेंट अभियान के तहत हरियाणा स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (एचएसआरएलएम) ने

सात विद्यार्थियों—अक्षय कुमार, मेघा चौधरी, निधि सांगवान, राहुल मलिक, रिया, साहिल और सहूद खान—का यंग प्रोफेशनल पद

पर 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय पर चयन किया है। जगजीत ग्रुप ने कृषि अभियांत्रिकी

महाविद्यालय के संजना, नव्यता त्रिवेदी, विशाल, दीक्षा और नितिन यादव को ग्रेजुएट इंजीनियर

ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया है। इसके अलावा बेरी उद्योग ने नवीन और अजय, टैफे ने

हर्ष रघुवंशी एवं प्रतीक तिवारी तथा एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने गरिमा का चयन किया है।

छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट

सेल विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने, कौशल विकास, करियर

काउंसलिंग और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। सह-निदेशक छात्र

कल्याण डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में भी सेल के प्रयासों

से 53 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में चयन हुआ था, जो विश्वविद्यालय

की मजबूत प्लेसमेंट व्यवस्था का प्रमाण है।

इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश

गोयल, कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय कुमार

वशिष्ट तथा प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. मुकेश जैन भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story