हिसार : यूआई ग्रीनमेट्रिक रैंकिंग में गुरु जम्भेश्वर विवि हरियाणा में प्रथम और देश में 20वां स्थान

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : यूआई ग्रीनमेट्रिक रैंकिंग में गुरु जम्भेश्वर विवि हरियाणा में प्रथम और देश में 20वां स्थान


विश्व स्तर पर 586वें और एशिया में 341वें स्थान पर रहा विश्वविद्यालय,

2016 शिक्षण संस्थानों के बीच बनाई पहचान

हिसार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

विश्वविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता को

प्रदर्शित करते हुए यूआई ग्रीनमेट्रिक विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग 2026 में उल्लेखनीय

उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने हरियाणा में प्रथम, देश में 20वां, एशिया में

341वां और विश्व स्तर पर 586वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ विश्वविद्यालय

ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है।

इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित यूनिवर्सिटास इंडोनेशिया द्वारा शुरू की गई इस

प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में विश्वभर के उच्च शिक्षण संस्थानों के पर्यावरण

अनुकूल प्रयासों, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों का मूल्यांकन

किया जाता है। वर्ष 2026 की रैंकिंग में छह महाद्वीपों के 110 देशों के कुल 2,016 शिक्षण

संस्थानों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने शुक्रवार काे इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों,

शोधार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता

विश्वविद्यालय के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

रैंकिंग में विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन सात प्रमुख मानकों के आधार पर किया

गया, जिनमें परिसर की व्यवस्था एवं आधारभूत संरचना, ऊर्जा एवं जलवायु परिवर्तन, कचरा

प्रबंधन, जल संरक्षण, परिवहन, शिक्षा एवं शोध तथा सुशासन, डिजिटलीकरण और एकीकृत कार्य

प्रदर्शन के माध्यम से सतत परिसर को बढ़ावा देना शामिल है। इन सभी मानकों के लिए कुल

10 हजार अंक निर्धारित किए गए थे। गुजविप्रौवि ने परिसर की व्यवस्था एवं आधारभूत संरचना

में 700, ऊर्जा एवं जलवायु परिवर्तन में 1100, कचरा प्रबंधन में 1075, जल संरक्षण में

825, परिवहन में 1237.5, शिक्षा एवं शोध में 975 तथा सुशासन, डिजिटलीकरण और एकीकृत

कार्य प्रदर्शन में 837.5 अंक प्राप्त किए। इस प्रकार विश्वविद्यालय का कुल स्कोर

6750 अंक रहा। इस वर्ष रैंकिंग में सुशासन, डिजिटलीकरण और एकीकृत कार्य प्रदर्शन के

माध्यम से सतत परिसर को बढ़ावा देने संबंधी नया मानक भी शामिल किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765487 Articles

Share this story