यमुनानगर के नीरज गोयत का दमदार पंच, रूसी मुक्केबाज को हराया

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर के नीरज गोयत का दमदार पंच, रूसी मुक्केबाज को हराया


यमुनानगर, 19 जून (हि.स.) यमुनानगर के अंतरराष्ट्रीय पेशेवर मुक्केबाज नीरज गोयत ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित प्रतिष्ठित प्रोफेशनल बॉक्सिंग मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर भारतीय मुक्केबाजी को नई पहचान दिलाई है। नीरज ने मेजबान देश के अनुभवी मुक्केबाज मार्क उरवानोव को पराजित करते हुए मुकाबले पर अपना दबदबा कायम रखा।

यह मुकाबला फाइट से पहले ही सुर्खियों में आ गया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए फेस-ऑफ में मार्क उरवानोव द्वारा नीरज को थप्पड़ मारने की घटना ने मुकाबले को अतिरिक्त चर्चा का विषय बना दिया था। इसके बाद दोनों मुक्केबाजों के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर खेल जगत की निगाहें इस मुकाबले पर टिक गई थीं। रिंग में शुरुआत के दो राउंड तक रूसी खिलाड़ी ने तेज फुटवर्क और सतर्क रणनीति के सहारे मुकाबले को संतुलित बनाए रखा। हालांकि तीसरे राउंड से नीरज ने अपनी लय पकड़ ली और लगातार सटीक प्रहारों से प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।

भारतीय मुक्केबाज के आक्रामक खेल ने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। चौथे और पांचवें राउंड में नीरज के प्रभावी पंचों का असर स्पष्ट दिखाई दिया। लगातार हमलों के चलते मार्क उरवानोव चोटिल हो गए और चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद मुकाबला आगे जारी रखना संभव नहीं रहा। इसके बाद अधिकारियों ने पांचवें राउंड के उपरांत नीरज गोयत को विजेता घोषित कर दिया।

जीत के बाद नीरज ने खेल भावना का परिचय देते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि वह इस सफलता से संतुष्ट हैं, हालांकि दर्शकों के लिए मुकाबला और लंबा चलता तो बेहतर होता। नीरज ने भविष्य में दोबारा मुकाबले की संभावना से भी इनकार नहीं किया। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि रूस जैसे मजबूत बॉक्सिंग केंद्र में हासिल की गई यह जीत नीरज गोयत के पेशेवर करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल होगी और युवा भारतीय मुक्केबाजों को नई प्रेरणा देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story