इस बार पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं बल्कि मोदी की विकास वाली सरकार बनाएंगे:नायब सिंह सैनी

WhatsApp Channel Join Now
इस बार पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं बल्कि मोदी की विकास वाली सरकार बनाएंगे:नायब सिंह सैनी


हरियाणा के मुख्यमंत्री ने जालंधर में जनसभा को किया संबोधित

आप ने चुनाव में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का किया था वादा

चंडीगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरवरी में होने वाले पंजाब के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां के नशा कारोबारी या तो यह काम छोड़ देंगे या फिर प्रदेश छोड़ देंगे। पंजाब और हरियाणा में नशे के सौदागर नहीं रहने दिए जाएंगे। पंजाब के लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी की विकास वाली सरकार बनाएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 2029 तक देश से नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है जिसे पूरा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नीति बनाई जा रही है। इस प्रकार के बड़े संकल्पों को केवल भाजपा सरकार ही पूरा कर सकती है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस केवल झूठे वादों के सहारे वोट लेना ही जानती हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पिछले चुनाव में वादा किया था कि पंजाब के 25 लाख युवाओं को नौकरी देंगे लेकिन आज मुख्यमंत्री टेलीविजन पर गर्व से बताते हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में 60 हजार नौकरियां दी हैं। यह नौकरियां भी प्रभावशाली लोगों के बच्चों को भ्रष्टाचार के सहारे मिली है जिससे मेहनती व गरीब युवाओं के सपनों को सरकार ने रौंद दिया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने पंजाब में कितने मोहल्ला क्लीनिक खोले, इनमें कितने लोगों का मुफ्त इलाज हुआ और लोगों को यहां क्या-क्या सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा की 3 करोड़ आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए गए हैं जिन्हें हर साल 5 लाख रुपये के मुफ्त इलाज की सुविधा है। इसके तहत अब तक 40 लाख लोगों ने मुफ्त इलाज करवाया है जिस पर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा 6000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की वर्तमान सरकार चुटकुलों की सरकार बनकर रह गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मुहैया करवाए जा रहे हैं। पिछले 12 साल में 1.60 लाख परिवारों को रहने के लिए मकान दिए गए हैं। जिन लोगों के पास मकान बनाने के लिए जमीन नहीं थी उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में 100 गज तथा शहरी क्षेत्रों में 30 गज के प्लाट भी दिए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, अरुण वालिया, देवेंद्र वालिया, सुशील रिंकू, जिला अध्यक्ष अशोक सरीन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य स. दिनेश ढल्ल, एमडी प्रिंस चोपड़ा, पार्षद रवि कुमारी, गुरप्रीत विक्की व बबलू पंडित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story