सोनीपत:राज्यपाल ने डीसीआरयूएसटी के वर्ष 2026 कैलेंडर का विमोचन किया
सोनीपत, 12 जनवरी (हि.स.)। मुरथल
स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का आधिकारिक वर्ष
2026 कैलेंडर हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम घोष द्वारा
विमोचित किया गया। चंडीगढ़ स्थित राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में यह विमोचन किया गया।
कैलेंडर में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, खेल तथा सांस्कृतिक
गतिविधियों की समग्र झलक प्रस्तुत की गई है।
राज्यपाल
ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं
देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश का प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। उन्होंने
कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं आधारभूत संरचना के विकास के
लिए निरंतर सहयोग कर रही है। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को मार्गदर्शन और सहयोग
देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम
के दौरान कुलगुरु प्रकाश सिंह ने विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक योजनाओं, शोध
गतिविधियों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के कैलेंडर
में भारतीय एवं ग्रेगोरियन महीनों के साथ भारतीय तिथियों को भी शामिल किया गया है।
कैलेंडर में सामान्य अवकाश, वैकल्पिक अवकाश और विशिष्ट अवकाशों की स्पष्ट सूची दी गई
है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों की योजना बनाने में सुविधा होगी।
कुलगुरु
ने साेमवार काे बताया कि कैलेंडर के डिजाइन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े चित्रों
को स्थान दिया गया है। इसमें स्वच्छता अभियान, रन फॉर यूनिटी, सांस्कृतिक युवा उत्सव
रिदम, विज्ञान प्रयोगशाला उद्घाटन सहित विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक आयोजनों की
झलक शामिल है। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कैलेंडर में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री,
मुख्यमंत्री और हरियाणा के राज्यपाल के चित्र सम्मिलित किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

