हिसार : समझौते को लागू करने में अड़चन डालने वाले अधिकारियों पर लगाम लगाए सरकार : नरेश शास्त्री

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : समझौते को लागू करने में अड़चन डालने वाले अधिकारियों पर लगाम लगाए सरकार : नरेश शास्त्री


बदले की भावना से कर्मचारियों को परेशान किया तो संघ खोलेगा मोर्चा

11 सितंबर के समझौते से बड़े आर्थिक व सामाजिक लाभ का दावा

हिसार, 25 सितंबर (हि.स.)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन

विभाग कर्मचारी यूनियन के संयुक्त आह्वान पर शुक्रवार को हिसार में शुक्रवार काे जिला स्तरीय कर्मचारी

कन्वेंशन का आयोजन किया गया। इसमें नगर निगम हिसार, उकलाना, बरवाला सहित जिले की विभिन्न

पालिकाओं और अग्निशमन केंद्रों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कन्वेंशन में 11 सितंबर

के सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच हुए समझौते को धरातल पर लागू कराने का मुद्दा

प्रमुखता से उठाया गया।

कन्वेंशन को संबोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं सर्व कर्मचारी

संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने आरोप लगाया कि 37 दिन चली हड़ताल

से नाराज कुछ स्थानीय अधिकारी कर्मचारियों को बदले की भावना से परेशान कर रहे हैं।

सरकार के आदेश जारी होने के बावजूद कुछ अधिकारी उन्हें लागू करने में देरी कर रहे हैं

और अनावश्यक कमियां निकालकर कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों में बाधा डाल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों को परेशान करना बंद नहीं किया गया और सरकारी आदेश

समय पर लागू नहीं हुए तो संघ संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ प्रदेशव्यापी

मोर्चा खोलेगा।

उन्होंने 11 सितंबर के समझौते के तहत अग्निशमन कर्मचारियों को वर्दी

भत्ता, जोखिम भत्ता और हड़ताल अवधि का वेतन देने के स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग

की। उन्होंने कहा कि पालिका, परिषद और नगर निगम कर्मचारियों की अधिकांश स्वीकृत मांगों

के पत्र जारी हो चुके हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर लाभ देने में टालमटोल की जा रही है।

कन्वेंशन में हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र

सिंह, रमेश तुषामड़, राजेश बागड़ी, भूषण सिंह, सर्व कर्मचारी संघ के हिसार जिला प्रधान

अशोक सैनी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। नगर निगम इकाई के प्रधान सुरेंद्र ने

अतिथियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story