जुर्माना माफी को लेकर मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
-प्राईवेट स्कूल संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
-पुरानी घोषाणा लागू नहीं होने पर सौंपा ज्ञापन
चंडीगढ़, 22 जून (हि.स.)। हरियाणा प्राईवेट स्कूल संघ ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करके स्कूल सोसायटियों पर लगाए गए जुर्माने को माफ करने की मांग की है। अपनी मांगों को लेकर सोमवार को संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू की अध्यक्षता में शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की।
कुंडू ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बताया कि हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ का एक प्रतिनिधिमंडल 17 अक्टूबर 2025 व 29 जनवरी 2026 को सीएम हाउस चंडीगढ़ में आपसे मिला था और आपने दरियादिली दिखाते हुए एजुकेशन सोसायटियों का जुर्माना माफ करने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक इसका पत्र जारी नहीं किया गया है जिसके कारण हजारों सोसायटियों का कार्य अधर में लटका हुआ है। सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने ओएसडी से कहा कि इस मामले की फाइल उन्हें दी जाए और प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जल्द ही इसका समाधान कर दिया जायेगा।
विदित रहे कि सोसाइटी एक्ट 2012 के अनुसार सभी पंजीकृत सोसायटी को रिन्यू करवाने के आदेश दिए गए थे और उन सोसायटियों से वार्षिक शुल्क जमा करवाने के लिए वर्ष 2017 से ऑनलाइन प्रक्रिया की शुरुआत की गई व फ़ीस ऑनलाइन न करने पर बीस रूपए प्रतिदिन का जुर्माना निर्धारित किया गया लेकिन किसी भी सोसायटी को इसकी सूचना नहीं दी गई और वर्ष 2013 से यह जुर्माना लगा दिया गया जबकि इसके चार वर्ष बाद ऑनलाइन प्रक्रिया की शुरुआत 2017 से हुई। अब ये राशि जुर्माना समेत प्रति सोसायटी करीब सवा-सवा लाख रुपए से भी ज्यादा बन गई। हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ इसे माफ करने की मांग उठा रहा है। प्रतिनिधीमण्डल में संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ,प्रदेश सचिव प्रदीप पूनिया,पूर्व महासचिव व हांसी के प्रधान राजकुमार पाली,जोगिंदर कतीरा आदि मौजूद रहे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

