जींद : मिड डे मील वर्करों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : मिड डे मील वर्करों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन


जींद : मिड डे मील वर्करों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन


जींद, 30 अगस्त (हि.स.)। मिड डे मील वर्कर्स यूनियन ने रविवार को प्रदेश कमेटी के आह्वान पर प्रदर्शन किया और मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीओ राजेंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा। प्रदर्शनकारी मिड डे वर्कर्स को संबोधित करते हुए जिला प्रधान कैलाश, सचिव सुनीता, सरला ने कहा कि चार अगस्त को हरियाणा भर से वर्करों ने कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन किया था। जिसके दबाव में कुरुक्षेत्र के उपायुक्त ने मुख्यमंत्री हरियाणा से बात करके 17 अगस्त को बातचीत करवाने का वादा किया था लेकिन अभीतक बातचीत नही हुई है।

इसीलिए वर्करों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि मिड डे मील वर्कर बेहद कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं। जबकि उनसे स्कूलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभवाई जाती हैं। यूनियन ने मांग की कि मिड डे मील वर्करों का मानदेय बढ़ाया जाए तथा न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह लागू किया जाए। वरिष्ठता के आधार पर अधिक मानदेय देने का भी प्रावधान किया जाए। यूनियन ने कहा कि वर्तमान में मिड डे मील कुक को केवल 10 महीने का मानदेय मिलता है। जबकि शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों को 12 महीने का वेतन दिया जाता है। इसलिए मिड डे मील वर्करों को भी 12 महीने का मानदेय दिया जाए तथा केंद्र सरकार के बकाया मानदेय का तुरंत भुगतान किया जाए।

यूनियन ने कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल होने पर उचित इलाज एवं 50 हजार रुपये मुआवजा तथा मृत्यु होने पर आश्रितों को कम से कम पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। सभी मिड डे मील वर्करों के निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। यूनियन ने स्कूलों को मर्ज करने और बंद करने की नीति पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि जिन मिड डे मील वर्करों का काम छिन गया है, उन्हें तुरंत दूसरे स्कूलों में समायोजित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story