जींद : जीएसटी एवं एक्साइज विभाग के एईटीओ पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
जींद : जीएसटी एवं एक्साइज विभाग के एईटीओ पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज


जींद, 08 मई (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने हांसी रोड कारोबारी के गोदाम में जबरन घुसने पर जीएसटी एवं एक्साइज विभाग के एईटीओ के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली गलौज करने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कारोबारी इंद्र लूथरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका हांसी रोड पर सोयाबीन पशु फीड का गोदाम है। पांच जून 2025 को ट्राला सोयाबीन फीड लेकर पहुंचा था। उसी दौरान जीएसटी एवं एक्साइज विभाग के एईटीओ राकेश गुप्ता बिना सूचना के गोदाम पर पहुंच गए और माल के दस्तावेज मांगे। जो उन्हें दिखा दिए गए। उस दौरान वहां पर उसका बेटा मौजूद था। जिसने उसके बारे में कुछ समय इंतजार करने के लिए कहा। जिस पर एईटीओ ने उसके बेटे को धक्का मारा, स्टाफ को धमकाया तथा उसके बेटे को सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराने की धमकी दी। जिसके बाद राकेश गुप्ता माल समेत ट्राले को कब्जे में लेकर अपने साथ ले गए।

माल समेत ट्राले का प्राइवेट जगह पर खड़ा कर दिया। खाद्य सुरक्षा मानको के नियम की अनदेखी की गई। चालक पर सफेद कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। शिकायत करने पर डीसी ने जांच की। डीईटीसी के नेतृत्व में मामले की जांच की गई। जिसमें पाया गया कि गोदाम मालिक की कोई गलती नही है। जिसके चलते जुर्माना लगाया जा सके लेकिन राकेश गुप्ता को बचाने की कोशिश की गई। विभाग ने पांचवें दिन उन्हें एक लाख 23 हजार रुपये भरने के लिए कहा गया।

जब गाड़ी में लदा उनका माल खराब हो रहा था तो उसने राशि को भी भर दिया। जब गाड़ी को छोड़ा गया तो उसमें भी लापरवाही बरती गई। शहर थाना पुलिस ने एईटीओ के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को जानकारी देते हुए शहर थाना की जांच अधिकारी गीता ने बताया की एईटीओ के खिलाफ शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story