यमुनानगर में पंजाब के व्यापारी से तीन करोड़ का सोना लूटा

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के यमुनानगर में पंजाब के एक सर्राफा व्यापारी को घायल कर करीब तीन करोड़ रुपए का सोना लूट लिया। व्यापारी पंजाब के अमृतसर से यमुनानगर में ज्वेलर्स को 2 किलो सोने के रॉ-मैटेरियल देने के लिए आ रहे थे। पुलिस ने दिन दहाड़े हुए लूट की घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अमृतसर निवासी गोल्ड कारोबारी जयपाल सिंह अपने बेटे इंद्रवीर के साथ शुक्रवार को यमुनानगर और जगाधरी के ज्वेलर्स को सोने की सप्लाई देने आते रहे थे। सबसे पहले उन्हें महलावाली में गोल्ड मैटेरियल सप्लाई करना था। जैसे ही वे पंचकूला-सहारनपुर हाईवे से खुंडेवाला-महलावाली की ओर खेतों के रास्ते पर पहुंचे, यहां बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। जयपाल के अनुसार, दोनों बदमाश बाइक पर आए थे। चेहरे पर कपड़ा ढका हुआ था। उनके एक हाथ में पिस्टल थी, जबकि दूसरे के हाथ में चाकू भी था। बदमाशों ने आते ही कहा, जो भी सामान है निकाल दो।

जयपाल सिंह के अनुसार बैग में करीब 2 किलो सोने का रॉ-मैटेरियल रखा था। इस मैटेरियल से ही सोने की ज्वेलरी बनाई जाती है। बदमाश सोना लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद बेटे ने तुरंत डायल- 112 को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल जयपाल सिंह को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। छप्पर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश को व्यापारी के रूट के बारे में पहले ही जानकारी थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। अजय कुमार के अनुसार, बदमाश ने व्यापारी के बेटे इंद्रवीर पर पिस्टल तान दी। जान का खतरा देखते हुए पिता-पुत्र ने बैग में रखा करीब एक किलो सोना बदमाशों के हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story