सिरसा में गोबरधन प्रोजेक्ट तैयार, सस्ती बायोगैस की सप्लाई होगी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा में गोबरधन प्रोजेक्ट तैयार, सस्ती बायोगैस की सप्लाई होगी शुरू


सिरसा, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव चौटाला में गोबरधन प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो गया है, जो अब बायोगैस सप्लाई के लिए एक प्रभावी और किफायती विकल्प साबित होगा। इस प्रोजेक्ट से गांव में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलेगी।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पित संगल ने सोमवार को बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंचायत चौटाला में 400 घन मीटर क्षमता का यह गोबरधन प्रोजेक्ट स्थापित किया गया है। इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार द्वारा 118 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसमें से अब तक 96 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत श्री कृष्ण गौशाला सहित 35 घरों को बायोगैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। परियोजना के संचालन के लिए ग्राम स्तर पर सरपंच की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें श्री कृष्ण गौशाला चौटाला के प्रधान और ग्राम सचिव को सदस्य बनाया गया है। गौरतलब है कि श्री कृष्ण गौशाला चौटाला में लगभग 3000 गौवंश हैं, जिनसे प्राप्त गोबर के माध्यम से इस प्रोजेक्ट को संचालित किया जाएगा। इससे गौशाला और गांव के घरों में कम लागत पर बायोगैस उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, प्रोजेक्ट से निकलने वाली जैविक खाद किसानों को उचित दरों पर उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे कृषि को भी लाभ मिलेगा।

इस प्रोजेक्ट की नियमित निगरानी कार्यकारी अभियंता पंचायती राज गौरव भारद्वाज तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सुखविंद्र सिंह द्वारा की जा रही है। साथ ही, प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर मुख्यालय को भेजी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story