हांसी में डीसी ने नगर परिषद के ईओ व सचिव को दिया कारण बताओ नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
हांसी में डीसी ने नगर परिषद के ईओ व सचिव को दिया कारण बताओ नोटिस


साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर

सख्ती, दो दिन में जवाब देने के निर्देश

हांसी, 17 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त डॉ. राहुल

नरवाल ने जिला सचिवालय परिसर में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी

अधिकारी (ईओ) एवं सचिव के अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाया। उपायुक्त

ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में दोनों अधिकारियों को दो दिन के भीतर

अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं

मिलने की स्थिति में उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डीसी डॉ. राहुल नरवाल ने मंगलवार को बताया कि

प्रशासन द्वारा नगर परिषद के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं शहर में साफ-सफाई, विकास

कार्यों तथा जन सुविधाओं की निगरानी के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह एक निर्धारित बैठक

आयोजित की जाती है। इन बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है,

ताकि कार्यों की प्रगति का सही आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सके। उन्होंने कहा

कि बैठक में नगर परिषद के ईओ एवं सचिव बिना किसी पूर्व सूचना के

अनुपस्थित पाए गए, जो कि प्रशासनिक कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

बैठक में नगर परिषद की ओर से केवल सफाई निरीक्षक ही उपस्थित रहे, जिससे यह स्पष्ट होता

है कि संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीरता नहीं बरत रहे हैं।

डीसी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि

शहर में साफ-सफाई व्यवस्था, विकास कार्य और नागरिक सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित

हों। इसके लिए अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की

लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों

को निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा न हो और सभी अधिकारी निर्धारित

बैठकों में समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। साथ ही

उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित

करने के लिए प्रशासन लगातार सख्त निगरानी बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story