हिसार : पर्यावरण संरक्षण में पेड़-पौधों की अहम भूमिका: प्रो. बीआर कम्बोज
हकृवि में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत संरक्षण
का लिया संकल्प
हिसार, 13 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के शहीद उधम सिंह क्रिकेट
स्टेडियम में छात्र कल्याण निदेशालय, भू-दृश्य संरचना इकाई व एचएयू क्रिकेट क्लब के
संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय
के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय
परिवार से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने साेमवार काेा कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी
आवश्यकता है। वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, जैव
विविधता के संरक्षण तथा भावी पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण
हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों
की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर को अधिक
हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। कुलपति ने कहा कि
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के सम्मान का भी संदेश देता है। प्रो. कम्बोज ने औषधीय पौधों के संरक्षण और रोपण को समय की आवश्यकता बताते
हुए कहा कि नीम, तुलसी, गिलोय, आंवला, अश्वगंधा, अर्जुन, एलोवेरा, ब्राह्मी, शतावरी,
बेल, हरड़, बहेड़ा, सहजन, सर्पगंधा तथा सदाबहार जैसे पौधे मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत
उपयोगी हैं।
भू-दृश्य संरचना इकाई के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद मलिक ने कहा कि पौधारोपण
करते समय हमें भवनों व संस्थानों के लैंडस्केप के अनुकूल प्रजातियों के बहु-उद्देशीय
पौधों का चयन करना चाहिए तथा महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे अवश्य रोपित करने चाहिए। इस
अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी, विभागाध्यक्ष
सहित शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने भी पौधरोपण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

