हिसार : राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं को मिला बेस्ट टीम अवार्ड
जिला स्तरीय युवा रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर
में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
हिसार, 23 फरवरी (हि.स.)। राजकीय महिला महाविद्यालय
की छात्राओं ने जिला स्तर पर आयोजित युवा रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन
करते हुए ‘बेस्ट टीम अवार्ड’ प्राप्त किया। यह शिविर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा की ओर से गुरु
गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय में आयोजित किया गया था।
इस प्रशिक्षण शिविर में बीकॉम द्वितीय वर्ष की
छात्राओें सिमरन कौर, सुरेखा, निशा, रवीना एवं प्रीति ने भाग लिया। छात्राओं के उत्कृष्ट
अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा-भावना के कारण महाविद्यालय को यह सम्मान
प्राप्त हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो (डॉ) सतबीर सिंह सांगा ने साेमवार काे छात्राओं
को बधाई देते हुए कहा कि युवा रेड क्रॉस जैसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में सेवा,
संवेदनशीलता, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं। हमारी
छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि सही दिशा और मार्गदर्शन मिले तो वे हर क्षेत्र
में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह
उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. वसुंधरा ने भी छात्राओं
की सराहना करते हुए कहा कि रेड क्रॉस का उद्देश्य युवाओं में मानवता, सहयोग और आपदा
प्रबंधन जैसी आवश्यक क्षमताओं का विकास करना है। हमारी छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान
अनुशासन, टीमवर्क और सेवा-भाव का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। ‘बेस्ट टीम अवार्ड’ उनकी मेहनत, समर्पण
और सकारात्मक दृष्टिकोण का परिणाम है। प्रतिभागी छात्राओं के साथ महाविद्यालय की शिक्षक
प्रभारी डॉ. सुमन बंसल, एक्सटेंशन लेक्चरर, वाणिज्य उपस्थित रहीं, जिन्होंने पूरे प्रशिक्षण
के दौरान छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

