जींद : सप्ताह पहले गायब हुई नाबालिग रेलवे स्टेशन पर मिली, जबरन शादी करवाने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
जींद : सप्ताह पहले गायब हुई नाबालिग रेलवे स्टेशन पर मिली, जबरन शादी करवाने का आरोप


जींद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के गांव से गत सप्ताह गायब हुई नाबालिग लड़की को रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया है। पीडि़ता का आरोप है कि उसकी किसी मंदिर में शादी भी करवाई गई। किसी तरह वह भाग निकलने में कामयाब हुई। सदर थाना पुलिस ने पीडि़ता के पिता की शिकायत पर एक युवती सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदर थाना इलाके के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 16 अक्टूबर को उसकी साढ़े 16 वर्षीय बेटी अपनी सहेली नेहा से मिलने के लिए जींद कालेज आई। जिसके बाद उसकी बेटी का कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद गत दिवस उसकी बेटी जींद रेलवे स्टेशन पर मिली।

पूछताछ करने पर उसकी बेटी ने बताया कि उसकी सोशल मीडिया पर नेहा नाम की युवती से बात होती थी। जब कालेज पहुंची तो नेहा उसे वहां पर मिली। नेहा ने मंदिर में उसकी शादी मोहित से करवा दी। जिसके सबूत मोहित के पास हैं। आरोपितों ने उसकी बेटी को धर्मशाला में रखा। आरोपितों के साथ एक अन्य विक्रम नाम का युवक भी था। आरोपितों ने परिजनों से बात करने पर उसकी बेटी को बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोपित उसे लेकर ट्रेन से रोहतक पहुंचे तो उसकी बेटी आरोपितों की चंगुल से भाग निकलने में कामयाब हो गई और जींद पहुंच गई। सदर थाना पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर आरोपित मोहित, नेहा के खिलाफ अपहरण समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि लड़की के पिता ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story