सिरसा: आंगनवाड़ी वर्करों ने किया बीडीपीओ कार्यालय का घेराव

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: आंगनवाड़ी वर्करों ने किया बीडीपीओ कार्यालय का घेराव


सिरसा, 01 जुलाई (हि.स.)। आंगनवाड़ी वर्करों ने मांगों को लेकर बुधवार को सिरसा के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। वर्करों ने कार्यालय के बाहर धरना दिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

धरने को संबोधित करते हुए यूनियन की जिला महासचिव प्रोमिला रानी ने कहा कि पिछले आठ माह से उन्हें पूरा वेतन नहीं मिल रहा। 9 माह से आंगनवाड़ी केन्द्रों का किराया नहीं दिया जा रहा। इसी के साथ उन्हें न तो मोबाइल रिचार्ज का पैसा दिया जा रहा है और न ही ड्रेस इत्यादि के पैसे ही दिए जा रहे हैं। जिलाभर के वर्करों को टीए-डीए देने में भी भेदभाव बरता जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इमारतों का किराया नहीं मिलने के कारण मालिकों ने ताले लगा दिए हैं। आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्य बंद है। बार-बार आवाज उठाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है, मजबूरन उन्हें भीषण गर्मी में धरना देना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुई तो वे आंगनवाड़ी केन्द्र बंद रखकर सीडीपीओ कार्यालय के समक्ष धरना देंगी और यहीं अपनी हाजिरी भी लगाएंगी।

सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप

सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कालांंवाली में उल्टे झाडू लेकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने मांगों से संबंधित आदेश शीघ्र जारी करने की मांग उठाई। संघ के प्रधान सिकंदर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर 1 मई से 14 मई तक प्रदेश स्तरीय हड़ताल की थी।

हड़ताल के दौरान सरकार ने सभी मांगें स्वीकार करते हुए करीब डेढ़ माह के भीतर हमारी सभी मांगो से संबंधित पत्र जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय अवधि बीतने के बावजूद अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मांगों के आदेश जारी नहीं किए गए तो आगामी 7 जुलाई को सिरसा में जिला स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story