यमुनानगर में गैस सिलेंडर दुरुपयोग पर निगम सख्त, प्रतिष्ठानों की जांच

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में गैस सिलेंडर दुरुपयोग पर निगम सख्त, प्रतिष्ठानों की जांच


यमुनानगर, 22 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया। प्रशासनिक निर्देशों के तहत गठित टीम ने विभिन्न खानपान प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर गैस उपयोग व्यवस्था की जांच की।

कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने होटल, ढाबों और फास्ट फूड केंद्रों में इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडरों की स्थिति, प्रकार और वैधता का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं घरेलू श्रेणी के सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में तो नहीं किया जा रहा। जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग का मामला सामने नहीं आया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर आम उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित होते हैं और इन पर सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाती है।

इसके विपरीत, व्यवसायिक उपयोग के लिए अलग श्रेणी के सिलेंडर निर्धारित किए गए हैं, जिनका उपयोग ही नियमों के अनुरूप माना जाएगा। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में पाया गया, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, गैस आपूर्ति प्रणाली में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित लाभ उठाने के प्रयास को गंभीरता से लिया जाएगा।

निगम प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित अंतराल पर जारी रहेंगे, ताकि बाजार व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित रहें। प्रशासन ने होटल, ढाबा और अन्य खाद्य व्यवसाय से जुड़े संचालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए केवल अधिकृत व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें और शहर में सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story