पलवल में गैस सप्लाई ठप, उपभोक्ताओं में हाहाकार, ओम गैस एजेंसी पर कालाबाजारी के आरोप
पलवल, 16 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी की खबरों के बीच पलवल में भी उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर के रशूलपुर रोड स्थित एचपी कंपनी से संबद्ध ओम गैस एजेंसी पर पिछले छह दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं आने के आरोप लगे हैं, जिससे हजारों उपभोक्ता परेशान हैं।
उपभोक्ताओं ने साेमवार काे आरोप लगाया कि गैस रिफिल कराने के लिए एजेंसी पर पहुंचने पर उन्हें रोजाना आज नहीं, कल आना कहकर लौटा दिया जाता है। वहीं दूसरी ओर बाजार में गैस सिलेंडर करीब 2500 रुपये तक ब्लैक में बिकने की चर्चा से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार रशूलपुर रोड स्थित इस गैस एजेंसी से करीब 12 हजार उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। गैस लेने पहुंचे कई लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी ऑनलाइन बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें एजेंसी के गोदाम से खुद ही सिलेंडर उठाकर ले जाना पड़ता है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि इसके बावजूद उनसे डिलीवरी चार्ज भी वसूला जाता है।
हालांकि एजेंसी से जुड़े एक कर्मचारी का कहना है कि करीब 70 प्रतिशत उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा दी जाती है। वहीं उपभोक्ताओं का दावा है कि वास्तविक स्थिति इससे अलग है और उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सप्लाई बंद होने और सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोपों को लेकर उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

