यमुनानगर:गैस वितरण में अव्यवस्था पर भड़के लोग, एजेंसी बंद कर संचालक गायब

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के अमादलपुर रोड स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर शनिवार को उपभोक्ताओं का आक्रोश उस समय खुलकर सामने आ गया, जब लंबे इंतजार के बावजूद उन्हें घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। सुबह से कतार में खड़े लोगों ने जब बार-बार आग्रह करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो स्थिति विरोध प्रदर्शन में बदल गई।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में गैस बुकिंग करवा रखी थी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सिलेंडर लेने पहुंचे थे, लेकिन वितरण में लापरवाही और अनियमितता के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। इस दौरान एजेंसी प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात तनावपूर्ण होते देख एजेंसी संचालक प्रतिष्ठान बंद कर वहां से चला गया। इसके बाद मौजूद लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ भी रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान एक वरिष्ठ नागरिक और एजेंसी प्रबंधन के बीच हुई बातचीत ने भी ध्यान खींचा, जिसमें मैनेजर का व्यवहार चर्चा का विषय बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story