हिसार : एयरपोर्ट चौक पर जीप से 114 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार
21 पैकेटों में छिपाकर ले जाई जा रही थी करीब 60 लाख रुपये की नशे
की खेप
पुलिस को देखकर जीप मोड़ने का प्रयास किया तो वाहन हुआ बंद
हिसार, 24 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
करते हुए एयरपोर्ट चौक पर नाकाबंदी के दौरान एक जीप से 114 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद
किया है। वाणिज्यिक मात्रा में बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई
है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त जीप को कब्जे में लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार
किया है।
पुलिस के अनुसार नशा तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिलने पर
एयरपोर्ट चौक पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान हांसी की तरफ से एक जीप आती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने पुलिस को देखकर जीप को अचानक
एचटीएम क्षेत्र की तरफ मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वाहन बंद हो गया। पुलिस
टीम ने तत्परता से चालक को काबू कर लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिग्गी से 21
पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में 114 किलो 910 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने
नशीले पदार्थ की खेप और तस्करी में प्रयुक्त जीप को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में
थाना एचटीएम में आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला
दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

