पानीपत: एक किलो 285 ग्राम गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: एक किलो 285 ग्राम गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार


पानीपत, 01 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने परढ़ाना मोड़ पर एक नशा तस्कर को एक किलो 285 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान परढ़ाना निवासी मुकेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि उनकी टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान इसराना में रेलवे फाटक के पास थी। टीम को तभी सूचना मिली की संदिग्ध किस्म का एक युवक पानीपत कारद रोड स्थित परढ़ाना मोड़ पर घूम रहा है। युवक के पास मादक पदार्थ होने की संभावना है। टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान मुकेश के रूप में बताई। युवक ने अपने हाथ में एक प्लास्टिक थेली पकड़ी हुई थी। पुलिस ने तलाशी ली तो आरोपी की प्लास्टिक थेली से एक किलो 285 ग्राम गांजा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी मुकेश ने पुलिस को बताया उसने शार्टकट तरिके से मोटे पैसे कमाने के लिए करीब 1 महीना पहले बिहार के पूर्णिया में एक युवक से 2 किलो गांजा कम कीमत पर खरीदा था। जिसमें से कुछ गांजा उसने स्वयं नशा करने में खर्च कर दिया और कुछ राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया। मंगलवार को बचे 1 किलो 285 ग्राम गांजा को लेकर बेचने के लिए इसराना कारद रोड स्थित परढ़ाना मोड़ पर ग्राहक की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी मुकेश के खिलाफ थाना इसराना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर बुधवार को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story