न्यूड वीडियो से ब्लैकमेलिंग करने वाला गिरोह बेनकाब, पलवल साइबर पुलिस ने दो आरोपी दबोचे

WhatsApp Channel Join Now
न्यूड वीडियो से ब्लैकमेलिंग करने वाला गिरोह बेनकाब, पलवल साइबर पुलिस ने दो आरोपी दबोचे


पलवल, 03 मार्च (हि.स.)। पलवल के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने न्यूड वीडियो बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी सिम कार्ड के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर खुद को यू-ट्यूब अधिकारी बताकर ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के कामा स्थित धर्मशाला गांव निवासी मुकीम तथा नूंह जिले के झेराखेड़ा गांव निवासी सरफराज खान के रूप में हुई है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने मंगलवार को बताया कि 2 मार्च को हवलदार निखिल कुमार की टीम मेडिकल मोड़ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ठगी की वारदातों में शामिल एक युवक केएमपी पुल के नीचे आगरा की ओर जाने वाले मार्ग पर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मुकीम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर लोगों से अश्लील वीडियो कॉल करवाता था और उनका न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था। इसके बाद वह खुद को यू-ट्यूब अधिकारी बताकर वीडियो वायरल करने की धमकी देता और उसे हटाने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए।

आरोपी के मोबाइल नंबर को एनसीआरपी पोर्टल पर जांचने पर उसके खिलाफ पहले से एक शिकायत दर्ज मिली। मुकीम से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके साथी सरफराज खान को होडल के पुन्हाना रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

इसके अलावा वर्ष 2024 के एक अन्य मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के शेरगढ़ गांव निवासी मनीष उर्फ कल्लण को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के साथ फोटो पोस्ट कर आपराधिक कृत्य किया था। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story