कैथल: गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत चला स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत चला स्वच्छता अभियान


कैथल: गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत चला स्वच्छता अभियान


कैथल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूंडरी और कैथल शहर में जनप्रतिनिधियों ने सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। पूंडरी में विधायक सतपाल जांबा ने फतेहपुर देवी मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक झाड़ू लगाई, जबकि कैथल में पूर्व विधायक लीला राम ने नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के साथ सेक्टर-19, ऋषि नगर और सचिवालय रोड पर सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

पूंडरी में विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिम्मेदारी है। घर और आसपास का वातावरण साफ रखने से बीमारियों के फैलाव को रोकने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस दौरान विधायक ने पूंडरी हलके में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि फतेहपुर को महाग्राम योजना में शामिल किया गया है और करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि गलियों के दुरुस्तीकरण के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध हुई है और जल्द काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया गया है। अब इस पर डिवाइडर और लाइट लगाने का काम किया जाएगा। देवी मंदिर रोड का टेंडर हो चुका है। शहरवासियों की मांग के बाद पेवर ब्लॉक के स्थान पर सीसी रोड बनाने के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। नवरात्रों के दौरान देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा। सतपाल जांबा ने कहा कि पूरे पूंडरी हलके में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर और पूंडरी में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाने की परियोजना भी प्रस्तावित है। उन्होंने सात अक्टूबर को गांव जांबा से शुरू होने वाली सेवा ज्योति यात्रा में लोगों से भाग लेने का आह्वान किया।

कैथल में सफाई कर्मचारियों के साथ लीला राम ने लगाया झाड़ू

कैथल शहर में पूर्व विधायक लीला राम ने सफाई कर्मचारियों के साथ अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने सेक्टर-19, ऋषि नगर और सचिवालय रोड पर सफाई की तथा सफाई कर्मचारियों का सम्मान भी किया। लीला राम ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story