पानीपत: पुरानी रंजिश में दाेस्त ने दोस्त को मौत के घाट उतारा
पानीपत, 06 मई (हि.स.)। पानीपत की पूजा विहार कालोनी में बीती रात एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। दोनों दोस्तों के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। जिसके चलते आरोपी ने एक बार पहले भी गला घोंटकर हत्या करने की कोशिश की थी।
बुधवार की सुबह बेटी ने पिता को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा, तो उसने बाकी परिचितों को मौके पर बुलाया। अचेत अवस्था में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर शव को शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार देर रात पूजा विहार कालोनी में आरोपी साहिल ने शिवकुमार के घर का दरवाजा खटखटाया।
जैसे ही शिवकुमार ने दरवाजा खोला, बाहर खड़े साहिल ने अचानक लोहे की राड से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि शिवकुमार वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घटना का पता सुबह चला, जब शिवकुमार की बेटी जगी और उसने पिता को गेट पर खून से लथपथ पड़ा देखा। शोर मचाने पर परिजन इकट्ठा हुए और तुरंत घायल शिवकुमार को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थाना मॉडल टाउन प्रभारी जगमिंदर ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी साहिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और शिव कुमार शव को शवगृह में रखवा दिया है। जिसका पोस्टमार्टम गुरुवार को करवाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

