हिसार में एचएयू के दौरे पर पहुंचा फ्रांस का प्रतिनिधिमंडल
कुलपति व अन्य अधिकारियों ने दी विभिन्न जानकारियां
हिसार, 21 फरवरी (हि.स.)। फ्रांस के यूनिलासेलरूएन
कैंपस के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में सहयोग की संभावनाएं
तलाशने के लिए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय का दौरा किया। दोनों पक्षों में शिक्षण,
अनुसंधान तथा फैकल्टी एवं विद्यार्थियों के आदान-प्रदान कार्यक्रमों के तहत आपसी सहयोग
को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शनिवार काे बताया कि यह दौरा
अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी को सुदृढ़ करने तथा वैश्विक ज्ञान के आदान-प्रदान
को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक
उपलब्धियों, शोध संरचना और कृषि विकास के क्षेत्र
में विश्वविद्यालय की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक में कृषि विज्ञान, खाद्य
प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी के क्षेत्रों में साझा रुचि
एवं सहयोग की संभावनाओं की पहचान की गई। दोनों पक्षों ने संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम,
साझा शोध परियोजनाओं तथा नवाचार-आधारित पहल विकसित करने में गहरी रुचि व्यक्त की, जिससे
कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की वैश्विक चुनौतियों का समाधान किया जा सके।
फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल ने फ्रांस के उच्च शिक्षा
एवं शोध पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी साझा करते हुए संयुक्त शिक्षण मॉड्यूल, छात्र
एवं फैकल्टी गतिशीलता, सह-पर्यवेक्षण में शोध कार्य तथा अंतरराष्ट्रीय शोध कंसोर्टियम
में सहभागिता पर बल दिया। स्नातकोत्तर शिक्षा अधिष्ठाता डॉ. रमेश यादव ने बताया कि
दोनों संस्थानों ने सहमति व्यक्त की कि इस प्रकार का अंतरराष्ट्रीय सहयोग न केवल शैक्षणिक
उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक अनुभव भी प्रदान
करेगा। दोनों पक्षों ने शीघ्र ही औपचारिक रूप से समझौता ज्ञापन को अंतिम रूप देने तथा
दीर्घकालिक, परस्पर लाभकारी साझेदारी स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। डॉ. एसके
पाहुजा ने कहा कि इससे शिक्षा और शोध के क्षेत्र से संबंधित कार्यों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग,
कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश गोयल, मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय
के अधिष्ठाता डॉ. राजेश गेरा, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अतुल
ढींगड़ा, जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. केडी शर्मा अंतरराष्ट्रीय
मामलों की प्रभारी डॉ. आशा क्वात्रा, एसोसिएट डीन पीजीएस डॉ. विजया रानी, इंटरनेश्नल
सेल के कोर्डिनेटर डॉ. दर्शना, डॉ. मंजुनाथ,
डॉ. सरोज यादव व डॉ. अनुराग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

