पानीपत: पैसा दोगुना करने के नाम पर करोड़ों रुपयों की ठगी
पानीपत, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत में रुपए दोगुना करने के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने एक साल में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करीब 20 से अधिक लोगों से एक करोड़ 56 लाख रुपए ठग लिए। मूल धन भी ने मिलने पर पीड़ितों ने अब हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को शिकायत भेजकर न्याय और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उधर डीजीपी के आदेशों पर शनिवार को केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मुकेश निवासी समालखा ने बताया कि करीब एक साल पहले सतपाल, सोनिया, संदीप, समुंद्र, जितेंद्र और विजय नामक व्यक्तियों ने एक गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों को ठगने की योजना बनाई। इन लोगों ने प्रचार किया कि यदि कोई उनकी कंपनी में 50 हजार रुपए लगाता है, तो उसे महज एक साल में एक लाख रुपए वापस मिलेंगे। लेकिन नहीं मिले मुकेश और विजय सहित अन्य पीड़ितों ने बताया कि आरोपी विजय सिवाह ने उन्हें सरेआम गोली मारने की धमकी दी है। आरोपियों ने खुले तौर कहा है कि कोई भी पैसा मांगने उनके पास आया तो वह अपनी हालत का खुद जिम्मेदार होगा। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे अब भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं और आरोपी उनके पैसों पर ऐश कर रहे हैं। ठगी के शिकार होने वालों में मुख्य रूप से रोहताश, बजिन्द्र, राजिन्द्र (पसीना) और संदीप (बिहौली) सोमवीर (मतलौडा), प्रदीप (शेरा), धर्मबीर (मतलौडा), अजय (कवि), रणबीर (कवि), सतबीर, लक्ष्मी, रेशमा, सावित्री (शेखपुरा), कार्तिक आचार्य, सहित 20 से ज्यादा लोग शामिल हैं। बहरहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

