पलवल कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी, चार युवकों से पैसे लेकर आरोपी फरार

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 13 मार्च (हि.स.)। पलवल में जिला अदालत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार युवकों से करीब 15 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने शुक्रवार को बताया कि डूंगरवास (बमारियाका) गांव निवासी ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे देवेंद्र की पहचान हुड्डा सेक्टर-2 निवासी रामकेश शर्मा से थी। जून 2023 में रामकेश ने दावा किया कि वह पलवल और फरीदाबाद जिला न्यायालय में प्रोसेस सर्वर (प्यादा) के पदों पर चार युवकों की नौकरी लगवा सकता है।

आरोपी ने प्रत्येक युवक से पांच-पांच लाख रुपये की मांग की। इस पर देवेंद्र के अलावा अमित, अंकित और नरसिंह चौहान भी नौकरी के लालच में पैसे देने को तैयार हो गए। आरोप है कि रामकेश ने पहले 4.20 लाख रुपये फोन-पे के माध्यम से अपनी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए, जबकि बाकी 10.80 लाख रुपये नकद अलग-अलग किस्तों में ले लिए।

पीड़ितों के अनुसार वर्ष 2024 में जब भर्ती परिणाम घोषित हुए तो चारों युवकों का चयन नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। मार्च 2025 में आरोपी अपना मकान खाली कर फरार हो गया।

इस मामले में पीड़ितों ने शहर थाना की भवन कुंड चौकी में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक विश्वासघात सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर ठगी की रकम बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story