पानीपत: विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधडी।

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधडी।


पानीपत, 26 मार्च (हि.स.)।

पानीपत में धोखाधड़ी कर विदेश भेजने के नाम पर करोड़ों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। गांव कालखा के एक युवक और उसके दो दोस्तों से अमेरिका भेजने के नाम पर एक करोड़ 50 लाख रुपए की ठगी की गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कलखा निवासी अमन ने बताया कि गांव के ही अभिषेक के साथ उसकी पुरानी दोस्ती थी। अभिषेक ने अमन को झांसा दिया कि उसकी ऊंची पहुंच है और वह लोगों को मोटी रकम लेकर अमेरिका भिजवाता है।

अभिषेक के झांसे में आकर अमन के साथ उसके दो अन्य दोस्त, बजरंग और अक्षय भी अमेरिका जाने को तैयार हो गए। अमन के अनुसार, विदेश भेजने के नाम पर प्रति व्यक्ति 60 लाख रुपए तय हुए थे।

तसल्ली करने के लिए जब वे अभिषेक के पिता राजेश से मिले, तो उन्होंने भी अपने बेटे की गारंटी ली। फरवरी 2026 में अमन और बजरंग ने जाटल रोड पर अभिषेक को 60 लाख रुपए नकद दिए।

इसके बाद कालखा गांव के एक स्कूल में अभिषेक और उसके पिता को 90 लाख रुपए और दिए गए। कुल मिलाकर तीनों दोस्तों ने आरोपियों को 1.50 करोड़ रुपए सौंप दिए। आरोपियों ने एक सप्ताह में अमेरिका भेजने का वादा किया था, लेकिन समय बीतने के बाद वे टालमटोल करने लगे।

पीड़ित ने एसपी को बताया कि उसके पास धोखाधड़ी के पुख्ता सबूत मौजूद हैं। थाना इसराना प्रभारी महिपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story