जींद: महिला की लूट के बाद हत्या पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
जींद, 18 नवंबर (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के फतेहगढ़ गांव में महिला के हत्यारोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। दो टीमें सीआईए और दो जुलाना पुलिस थाना की गठित की गई हैं। बुधवार को जुलाना थाना प्रभारी कमल ने बताया कि पुलिस ने मृतक सुमन के पति की शिकायत के आधार पर आरोपित शिवकुमार उर्फ मोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमों का गठन किया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।
गांव फतेहगढ़ निवासी 42 वर्षीय सुमन सोमवार दोपहर बाद अपने घर में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी। पड़ोसियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और सुमन को उपचार के लिए जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजनों ने महिला की मौत को हार्ट फेल होने का मामला समझा और पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। इसके बाद वे शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले आए। घर पहुंचने पर जब परिजनों ने सुमन के गले पर निशान देखे तो उन्हें हत्या का शक हुआ। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
बाद में परिजनों ने सामान की जांच की तो उनके होश उड़ गए। घर की अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले और उनमें रखे लाखों रुपये के गहने तथा आठ लाख 70 हजार रुपये की नकदी गायब थी। घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिजनों को महिला की मौत को लेकर संदेह हुआ। मृतका के पति रिषिराम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने फतेहगढ़ गांव निवासी शिवकुमार उर्फ मोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

