हिसार में जिला प्रशासन की पहल पर राेडवेज का चार घंटे का चक्का जाम टला

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में जिला प्रशासन की पहल पर राेडवेज का चार घंटे का चक्का जाम टला


67 लंबित मामलों का मौके पर निपटारा, 12 अक्टूबर को फिर होगी बैठक

मांगों के समाधान तक धरना जारी रखने का ऐलान

हिसार, 30 सितंबर (हि.स.)। हिसार डिपो की लंबित मांगों और कर्मचारियों

की समस्याओं के हल के लिए सांझा संघर्ष समिति की ओर से चल रहा शांतिपूर्ण धरना जारी

है। कर्मचारियों की मांगों के समाधान की मांग पर समिति ने एक अक्टूबर को चार घंटे के

लिए डिपो गेट बंद करने की घोषणा की थी। प्रशासन की पहल पर हुई बातचीत के बाद समिति

ने फिलहाल डिपो बंद की कॉल स्थगित कर दी है।

प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से बुधवार

को एसडीएम को सांझा संघर्ष समिति के साथ बातचीत के लिए भेजा गया। बैठक में समिति ने

कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से रखा। बातचीत के दौरान

डिपो महाप्रबंधक ने करीब 67 लंबित मामलों का निपटारा किया। प्रशासन की पहल और एसडीएम

की ओर से रखे गए प्रस्ताव को देखते हुए समिति ने एक अक्टूबर के चार घंटे के डिपो बंद

को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।

बैठक में 15 दिन के टीए के भुगतान, रात्रि भत्ते, एलटीसी, वर्ष

2016 बैच के चालकों की लंबित वेतन वृद्धि, एचकेआरएन कर्मचारियों के ओवरटाइम व रात्रि

भत्ते समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रशासन ने 15 से 25 तारीख तक के रात्रि भत्ते

का भुगतान 30 अक्टूबर तक तथा 15 तारीख तक के रात्रि भत्ते का भुगतान 15 अक्टूबर तक

करने की बात कही।

समिति प्रवक्ता के अनुसार एलटीसी के संबंध में बताया गया कि 16 चालकों,

73 परिचालकों तथा चार वर्कशॉप और 45 प्रबंधन कर्मचारियों के आदेश जारी किए जा चुके

हैं। मुख्यालय से बजट मिलते ही शेष प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया गया। वर्ष

2016 बैच के चालकों की वेतन वृद्धि एक सप्ताह में लगाने की बात कही गई। एचकेआरएन कर्मचारियों

का बकाया ओवरटाइम इसी माह के वेतन के साथ तथा रात्रि भत्ता अगले वेतन के साथ देने का

आश्वासन दिया गया। पक्के कर्मचारियों और 2016 बैच के चालकों का जुलाई-अगस्त का बकाया

ओवरटाइम 9 अक्टूबर तक खातों में डालने की बात कही गई। वर्ष 2018 बैच के तीन चालकों

का प्रथम एसीपी लगा दिया गया है, जबकि बाकी का 15 अक्टूबर तक लगाने का आश्वासन दिया

गया।

प्रवक्ता के अनुसार कर्मचारियों के 59 लाख रुपये के बकाया मेडिकल

बिल सोमवार तक तथा शेष मेडिकल बिल 30 अक्टूबर तक जारी करने की बात कही गई। हांसी सब-डिपो

में बस वाशिंग मशीन 15 अक्टूबर तक लगाने और हिसार वर्कशॉप में डग का निर्माण 30 अक्टूबर

तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया। परिचालकों की टिकट मशीनों की समस्या के समाधान के

लिए मुख्यालय से नई मशीनों की मांग भेजी जाएगी और अक्टूबर तक नई मशीनें उपलब्ध कराने

का प्रयास किया जाएगा। बस स्टेंड और वर्कशॉप परिसर में 15 अक्टूबर तक सीसीटीवी कैमरे

लगाने, मार्ग रोटेशन की समीक्षा के लिए कमेटी गठित करने तथा निर्धारित ड्यूटी के अनुसार

किलोमीटर तय करने का भी आश्वासन दिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि लंबित मांगों की समीक्षा

के लिए 12 अक्टूबर को पुनः बैठक बुलाई गई है। समिति ने कहा कि मांगों के समाधान तक

शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन व प्रबंधन से निर्धारित समय सीमा में

सभी मांगों को पूरा करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story