सिरसा: चार हेरोइन तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 11 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिला क्षेत्र से चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्करों की पहचान सिरसा निवासी बलविंद्र सिंह, पवन, लवप्रीत व हैप्पी सिंह के रूप में हुई है। नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चैकिंग के दौरान गांव करीवाला से होते हुए गांव बणी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव बणी के नजदीक एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया।
पुलिस ने शक के आधार पर उसका पीछा किया और उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में तस्कर की पहचान बलविंद्र सिंह के रूप में हुई।
इसके अलावा डबवाली पुलिस ने ओढां क्षेत्र से पवन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद की है। एएनसी स्टाफ डबवाली ने गांव लोहगढ़ में दबिश देकर लवप्रीत सिंह को हेरोइन सहित काबू किया। हेरोइन तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर हैप्पी सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देसूजोधा पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी लाखों रुपये की हेरोइन तस्करी के मामले में आरोपी वांछित था।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने गांव बणी क्षेत्र से सुशील को अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियार के स्रोत तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

