राजस्थान के चार तस्कर सिरसा से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के चार तस्कर सिरसा से गिरफ्तार


राजस्थान के चार तस्कर सिरसा से गिरफ्तार


सिरसा, 20 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सिरसा जिले के उपमंडल डबवाली क्षेत्र से लाखों रुपये का चूरापोस्त पकड़ा है। पुलिस ने पिकअप व कार सवार राजस्थान के चार तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। डीएसपी कालांवाली संदीप धनखड़ ने सोमवार को प्रेसवार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए चूरापोस्त की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। डीएसपी ने बताया कि तस्कर प्याज की आड़ में चूरापोस्त की तस्करी करते हैं। तस्करी वाले वाहन के आगे एक पायलट गाड़ी भी चलती है जोकि रास्ते की खबर देती थी।

संदीप धनखड़ ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पड़ताल के दौरान गांव सकताखेड़ा बस अड्डा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि राजस्थान की ओर से एक पिकअप में भारी मात्रा में पोस्त तस्करी कर पंजाब की ओर ले जाया जा रहा है, जिसे एक कार पायलट कर रही है। सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गांव सकताखेड़ा में भारतमाला रोड पर नाकाबंदी शुरु की। कुछ समय पश्चात एक कार गांव चौटाला की ओर से आती दिखाई दी। कार को रोककर चेक किया तो उसमें दो व्यक्ति बैठे थे।

इसी दौरान पीछे से एक पिकअप गाड़ी आई जिसमें प्याज के कट्टे भरे थे। पुलिस ने पिकअप गाड़ी की तलाशी ली तो प्याज के कट्टों के नीचे पांच प्लास्टिक के थैलों में चूरापोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से एक क्विंटल 490 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान राजस्थान निवासी रितिक सैन, नरसीराम, तेजाराम व नरसीराम के रूप में हुई है। पुलिस ने कार व पिकअप गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

आरोपियों के खिलाफ डबवाली सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और नशा तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story