सिरसा: प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 11 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने मेडिकल नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई है। गिरफ्तार लोगों की पहचान सिरसा निवासी बबलू, हरप्रीत सिंह, रवि व दलबीर सिंह के रूप में हुई है।

सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पहली कार्रवाई थेहड़ मोहल्ला सिरसा क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम गश्त के दौरान रविदास मंदिर के पास मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से सात हजार 200 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान बबलू व हरप्रीत सिंह के रूप में हुई। वहीं सीआईए की दूसरी टीम ने रानियां थाना क्षेत्र के गांव करीवाला में कार्रवाई की।

सूचना मिली थी कि एक युवक नशीली दवाएं बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने दबिश देकर रवि सिंह को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से छह हजार 290 नशीली गोलियां बरामद हुई।

इसके अलावा पुलिस ने जले के गांव कुत्ताबढ़ क्षेत्र से दलबीर सिंह को करीब एक हजार नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि रिमांड अवधि के दौरान मेडिकल नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story