हिसार : तलवंडी रुक्का हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार
हत्या के बाद आरोपियों को शरण देने वाले दो आरोपी भी काबू
अंतरजातीय प्रेम विवाह की रंजिश में बुजुर्ग की हत्या का आरोप
हिसार, 27 अगस्त (हि.स.)। आजाद नगर थाना क्षेत्र के गांव तलवंडी रुक्का हत्याकांड
में पुलिस ने गुरुवार काे मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए टीम ने वारदात
के मुख्य आरोपी रावतखेड़ा निवासी पुनीत व चिड़ौद निवासी अंकित को काबू किया है। इसके
अलावा हत्या के बाद आरोपियों को शरण देने के आरोप में असरावां गांव निवासी राहुल व
खरकड़ी निवासी सौरभ को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में इससे पहले आजाद नगर थाना
पुलिस वारदात में इस्तेमाल तेजधार हथियार उपलब्ध करवाने के आरोप में चिड़ौद निवासी
मनोज को गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआईए प्रभारी पीएसआई कर्ण सिंह ने गुरुवार काे बताया कि तलवंडी रुक्का निवासी बलवान सिंह
ने शिकायत देकर बताया था कि उसके पिता महावीर सिंह रात के समय घर के बाहर चबूतरे पर
सो रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर दिया और गंभीर
हालत में मौके से फरार हो गए। हमले में घायल महावीर सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले
जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच
शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी तथा मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि हत्या के पीछे अंतरजातीय
प्रेम विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश थी। बताया जा रहा है कि मृतक के पोते ने एक युवती
के साथ अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, जिसे लेकर आरोपी पक्ष में नाराजगी थी। इसी रंजिश
के चलते महावीर सिंह को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस मामले
के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में आरोपियों को पनाह देने वालों पर भी शिकंजा
कसा गया है। सीआईए ने शहर देने के आरोपी राहुल व सौरभ को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों, हथियारों और हत्या की
पूरी साजिश से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

