हिसार में 206 ग्राम अफीम, अवैध 315 बोर पिस्टल और वैन्यू गाड़ी सहित चार गिरफ्तार
भेरियां के पास एंटी नारकोटिक सेल ने की बड़ी कार्रवाई
हिसार, 02 नवंबर (हि.स.)। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गांव भेरियां के पास
नाकाबंदी कर एक वैन्यू गाड़ी में सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साेमवार काे आरोपियों
के कब्जे से 206 ग्राम अफीम, एक अवैध 315 बोर पिस्टल और वैन्यू गाड़ी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिंगनीखेड़ा निवासी गुरमेश, चिंदड़ निवासी कुलदीप, चौधरीवाली
निवासी सतपाल व कालवास निवासी सुनील के रूप में हुई है।
सहायक उप निरीक्षक शक्ति ने साेमवार काे बताया कि वह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में
गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध वैन्यू गाड़ी में
नशीला पदार्थ और अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव भेरियां
के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वैन्यू गाड़ी को रुकवाया। गाड़ी की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड
से 206 ग्राम अफीम और ड्राइवर सीट के नीचे से एक अवैध 315 बोर पिस्टल बरामद हुई। इसके
बाद पुलिस ने गाड़ी में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी राजस्थान से अपने किसी परिचित
का सरपंच पद का चुनाव करवाकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने बरामद अफीम और अवैध हथियार
को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों के खिलाफ थाना आजाद नगर में संबंधित धाराओं के तहत
मामला दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

