नूंह सीएचसी में मारपीट व तोड़फोड़ के आरोप में चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नूंह सीएचसी में मारपीट व तोड़फोड़ के आरोप में चार गिरफ्तार


नूंह, 06 जून (हि.स.)। नूंह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कर्मचारियों के साथ मारपीट और सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ किए जाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आलम , अल्ताफ , अरमान निवासी घासेड़ा थाना सदर नूंह तथा अकरम निवासी वार्ड नंबर-6, नूंह के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि इस घटना के संबंध में नूंह शहर थाना पुलिस ने 4 जून को अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 3 जून की रात अस्पताल परिसर में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान कुछ लोग जबरन अस्पताल के अंदर घुस आए और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों व अस्पताल प्रशासन के साथ मारपीट की।

घटना के दौरान आरोपियों ने अस्पताल की सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। अस्पताल की खिड़कियों और कुछ चिकित्सा उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे अस्पताल प्रशासन को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story