हिसार : चंदन नगर में पूर्व सरपंच की हत्या, बेटे पर रॉड से वार करने का आरोप
शव के चोट के निशान देखकर पैतृक गांव में अंतिम संस्कार रोका
पुलिस ने कब्जे में लिया शव, घरेलू विवाद में वारदात की आशंका
हिसार, 14 सितंबर (हि.स.)। नजदीकी गांव चंदन नगर में रहे रहे खारिया गांव के
पूर्व सरपंच हवा सिंह सिहाग की उनके घर में हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान बेटे बबलू ने उनके सिर पर रॉड से वार कर दिया, जिससे
उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौत की बात कहकर शव को पैतृक गांव खारिया ले जाया गया,
जहां परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान शव पर चोट के निशान देखकर
परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना
मिलते ही बालसमंद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार हवा सिंह सिहाग चंदन नगर स्थित मकान में अकेले रहते थे।
परिवार में लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पत्नी और बेटों से अलग
रह रहे थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब दो बजे उनका बेटा बबलू कुछ साथियों के साथ
उनके घर पहुंचा। यहां पिता-पुत्र के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि
इसी दौरान बबलू ने रॉड से हवा सिंह के सिर पर वार कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई।
झगड़े के दौरान बबलू के भी घायल होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद हवा सिंह का शव उनके पैतृक गांव खारिया ले जाया गया। परिजन अंतिम
संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक परिजन की नजर शव पर लगी चोटों पर पड़ी।
चोट के निशान देखकर परिजनों को मौत के कारणों पर संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच की तथा परिजनों से भी पूछताछ शुरू कर
दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह और शरीर पर आई चोटों की स्थिति स्पष्ट
होगी।
हवा सिंह सिहाग वर्ष 2006 में खारिया गांव के सरपंच रह चुके थे। घटना के बाद
बबलू के निजी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उसके
घायल होने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

