हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री फूल चंद मुलाना का निधन

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री फूल चंद मुलाना का निधन


हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री फूल चंद मुलाना का निधन


-सबसे लंबे समय तक रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

-पुत्र अंबाला के सांसद तो पुत्रवधु हैं मुलाना की विधायक

चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष फूलचंद मुलाना का शुक्रवार की सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 85 साल के थे। किडनी में समस्या के चलते उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वर्गीय फूल चंद मुलाना कई दशकों तक हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहे। वह अंबाला से सांसद वरूण चौधरी के पिता तथा मुलाना हलका से विधायक पूजा के ससुर थे।

पारिवारिक सदस्यों के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें पंचकूला आवास पर लाया गया था। शुक्रवार सुबह दोबारा तबियत बिगडऩे पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आज सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। फूल चंद मुलाना हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक प्रदेशाध्यक्ष रहे। उन्होंने करीब साढ़े 6 साल तक पार्टी की कमान संभाली। वे मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे।

उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि बहू पूजा चौधरी मुलाना से विधायक हैं। वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पिता के निधन की जानकारी दी। फूल चंद मुलाना का जन्म 6 अप्रैल 1941 को हुआ था। उन्होंने कला संकाय में ग्रेजुएशन और कानून की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे वकालत के पेशे से जुड़ गए। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और साल 1972 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बने।

1977 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1982 में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 1987 में वे फिर चुनाव हार गए, लेकिन 1991 में कांग्रेस के टिकट पर वापसी करते हुए तीसरी बार विधायक बने। 1996 और 2000 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार मिली। इसके बाद 2005 में उन्होंने मुलाना सीट से चौथी बार जीत दर्ज की और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।

अगस्त 2007 में उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने लगातार करीब साढ़े 6 साल तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली। मुलाना के अध्यक्ष रहते हुए ही 2009 में हरियाणा विधानसभा चुनाव हुए थे। उस समय कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनाई थी। फरवरी 2014 में उनकी जगह अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780238 Articles

Share this story